Daily Suraj

हिन्दी

बैंक यूनियनों ने किया तीन दिन की हड़ताल का ऐलान, लगातार 5 दिन प्रभावित हो सकती हैं सेवाएं

23 Sep, 2026 10:24 AM

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 सितंबर से तीन दिनों की देशव्यापी बैंक हड़ताल का ऐलान किया है। यूनियनों के अनुसार, यह हड़ताल 28, 29 और 30 सितंबर को होगी। यह फैसला मंगलवार को उप मुख्य श्रम आयुक्त की अध्यक्षता में हुई सुलह बैठक के बेनतीजा रहने के बाद लिया गया। इससे पहले वित्त मंत्रालय ने बैंक कर्मचारियों से हड़ताल पर नहीं जाने की अपील की थी। हड़ताल के ऐलान के बाद अगले सप्ताह बैंकिंग सेवाएं लगातार पांच दिनों तक प्रभावित होने की संभावना है। 26 सितंबर को महीने का चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक पहले से ही बंद रहेंगे। इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। UFBU का दावा है कि वह बैंकिंग क्षेत्र के करीब 90 प्रतिशत कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करता है। बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना, पेंशन को अपडेट करना और पेंशन से जुड़े सुधार करना शामिल है। इसके अलावा यूनियनों की ओर से सभी पेंशनभोगियों के लिए एक समान महंगाई भत्ता फॉर्मूला लागू करने की मांग की जा रही है। साथ ही राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) के तहत आने वाले कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) में जाने का विकल्प देने की मांग भी शामिल है। यदि प्रस्तावित हड़ताल होती है, तो 26 और 27 सितंबर की साप्ताहिक छुट्टियों के बाद 28 से 30 सितंबर तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रह सकती हैं। इस तरह बैंकिंग सेवाओं पर लगातार पांच दिनों तक असर पड़ने की संभावना है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News