Daily Suraj

हिन्दी

अकाली-भाजपा गठबंधन: एक दर्जन विधानसभा सीटों पर फंसा पेंच, 8 दिसंबर को मोगा रैली में हो सकता है औपचारिक ऐलान

21 Nov, 2026 10:15 AM

पंजाब विधानसभा चुनावों के मद्देनजर शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत अंतिम चरण में पहुंच गई है, लेकिन करीब एक दर्जन विधानसभा सीटों पर दोनों दलों के बीच पेंच फंसा हुआ है। इन सीटों पर दोनों पक्षों की अपनी-अपनी दावेदारी के कारण ही गठबंधन की औपचारिक घोषणा में देरी हो रही है। हालांकि, दोनों पार्टियां गठबंधन को अंतिम रूप देने की तैयारी में हैं और उचित अवसर पर इसका ऐलान किया जाएगा। शिरोमणि अकाली दल दिवंगत प्रकाश सिंह बादल के जन्मदिन के अवसर पर 8 दिसंबर को मोगा में एक बड़ी राजनीतिक रैली आयोजित कर इस घोषणा के लिए सबसे उपयुक्त समय मान रहा है। गठबंधन को अंतिम रूप देने से पहले भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व जमीनी हकीकत का आकलन कर रहा है। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने पिछले दिनों अपने चंडीगढ़ दौरे के दौरान पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के साथ बंद कमरे में बैठक भी की। भाजपा की ओर से 2024 के लोकसभा चुनावों में हासिल किए गए 18.56 प्रतिशत वोट बैंक का हवाला दिया जा रहा है, जिसके दौरान पार्टी ने 23 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त बनाई थी और 8 से 10 सीटों पर दूसरे स्थान पर रही थी। इस आधार पर भाजपा करीब 32 से 33 सीटों पर अपना दावा मजबूत मान रही है, जबकि शेष 10-12 सीटों को लेकर दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाने के लिए बातचीत जारी है। सीटों के बंटवारे को लेकर कई महत्वपूर्ण हलकों पर टकराव की स्थिति बनी हुई है। डेरा बस्सी सीट अकाली दल एन.के. शर्मा के लिए आरक्षित रखना चाहता है, लेकिन लोकसभा चुनाव की बढ़त के कारण भाजपा इस पर अपना हक जता रही है। इसी प्रकार अकाली दल खरड़ और वरिष्ठ नेता डॉ. दलजीत सिंह चीमा के लिए रोपड़ सीट मांग रहा है, जबकि वोट प्रतिशत के आधार पर भाजपा ये दोनों क्षेत्र लेना चाहती है और रोपड़ से अजयवीर सिंह लालपुरा को मैदान में उतारने पर विचार कर रही है। लुधियाना शहरी की सभी सीटों पर भाजपा दावा कर रही है, जबकि अकाली दल यहां से 1997 में लुधियाना पश्चिम से विधायक रहे महेशइंदर सिंह ग्रेवाल के लिए एक सीट की मांग कर रहा है। इसके अतिरिक्त, बादल परिवार अपना गढ़ बताते हुए बठिंडा शहरी सीट पर हक जता रहा है, लेकिन भाजपा यहां से पूर्व विधायक सरूप चंद सिंगला को उम्मीदवार बनाने पर विचार कर रही है। साथ ही, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल के लिए भी बठिंडा शहरी और गिद्दड़बाहा क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है। भाजपा की ओर से बल्लूआना, जलालाबाद, बटाला और तरनतारन की खेमकरण सीट (जहां से अकाली नेता विरसा सिंह वल्टोहा दावेदार हैं) की भी मांग की जा रही है। दूसरी ओर, बरनाला सीट से सांसद राजिंदर गुप्ता को भाजपा उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना है, हालांकि वे चुनाव लड़ने से इनकार कर चुके हैं; यदि गुप्ता पीछे हटते हैं तो यह सीट अकाली दल के खाते में जा सकती है। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, भाजपा पंजाब चुनावों के लिए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को भी साथ जोड़कर एक महागठबंधन बनाने की रणनीति पर काम कर रही है।

Latest News