Daily Suraj

हिन्दी

अमेरिकी नाकाबंदी पर ईरान का कड़ा रुख, वैश्विक व्यापार पर खतरा

16 Apr, 2026 07:24 AM

मध्य-पूर्व में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है, जब ईरान ने दुनिया के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण तीन समुद्री मार्गों को बंद करने की धमकी दी है। ईरान ने स्पष्ट किया है कि यदि अमेरिका होरमुज़ जलडमरूमध्य और उससे जुड़ी बंदरगाहों पर अपनी नौसैनिक नाकाबंदी जारी रखता है, तो वह लाल सागर, ओमान सागर और फारस की खाड़ी में समुद्री व्यापार को पूरी तरह रोक सकता है। ईरानी सेना के केंद्रीय कमांड सेंटर के प्रमुख अली अब्दुल्लाही ने कहा कि अमेरिका द्वारा लगाए गए प्रतिबंध और ईरानी जहाजों तथा तेल टैंकरों की सुरक्षा को खतरे में डालने की कोशिशें उकसाने वाली हैं। उन्होंने कहा कि ईरान अपनी संप्रभुता और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए निर्णायक कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा। उधर, अमेरिका ने सोमवार से ईरानी बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकाबंदी लागू कर दी है। यह कदम पाकिस्तान में लगभग 21 घंटे तक चली अमेरिका-ईरान वार्ता के असफल रहने के बाद उठाया गया है। इस बीच, पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ तेहरान पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि यह प्रतिनिधिमंडल अमेरिका का संदेश लेकर गया है और दोनों देशों के बीच वार्ता के दूसरे दौर को लेकर चर्चा करेगा। हालांकि, वार्ता के अगले चरण की तारीख अभी तय नहीं की गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इन समुद्री मार्गों को बंद किया गया, तो इसका व्यापक असर वैश्विक व्यापार और तेल आपूर्ति पर पड़ सकता है। इस घटनाक्रम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News