पंजाब में 2 दिन चला ED का छापा: गमाडा परिसर में आप कार्यकर्ताओं का हंगामा, धक्का-मुक्की और गाड़ियों के शीशे टूटे
पंजाब और चंडीगढ़ में पिछले दो दिनों से जारी प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी आखिरकार समाप्त हो गई है। मोहाली स्थित ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMADA) दफ्तर के बाहर आम आदमी पार्टी (AAP) के भारी विरोध-प्रदर्शन के बाद ईडी की टीमें अपनी कार्रवाई पूरी कर रवाना हो गईं। लगभग 48 घंटे तक चली इस मैराथन जांच के बाद अधिकारी अपनी गाड़ियों में सवार होकर गमाडा परिसर से बाहर निकले। महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त, ED ने साधी चुप्पी प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईडी की टीमें अपने साथ गमाडा दफ्तर से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और फाइलें लेकर गई हैं। हालांकि, 48 घंटे तक चली इस लंबी छापेमारी के दौरान जांच टीम के हाथ क्या-क्या लगा है या कौन से सबूत बरामद हुए हैं, इस संबंध में ईडी अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मंगलवार से जारी थी कार्रवाई, 'आप' ने किया जोरदार प्रदर्शन उल्लेखनीय है कि प्रवर्तन निदेशालय ने मंगलवार को पंजाब और चंडीगढ़ में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी शुरू की थी। इसके बाद से ही गमाडा दफ्तर में केंद्रीय एजेंसी की कार्रवाई लगातार जारी थी। इस छापेमारी के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ता गुरुवार सुबह मोहाली स्थित गमाडा दफ्तर के बाहर जमा हो गए और उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और गाड़ियों में तोड़फोड़ प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब आप कार्यकर्ता पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स तोड़कर गमाडा परिसर में जबरन घुस गए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस कर्मियों के बीच तीखी धक्का-मुक्की भी हुई। कार्यकर्ताओं ने दफ्तर के अंदर दाखिल होकर ईडी टीम तक पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर तैनात सीआरपीएफ (CRPF) के जवानों ने उन्हें रोक लिया। इस हंगामे के बीच आक्रोशित कार्यकर्ताओं द्वारा ईडी टीम के वाहनों के शीशे तोड़े जाने की खबरें भी सामने आई हैं।
Posted By: Daily Suraj Bureau