Daily Suraj

हिन्दी

बरनाला-बठिंडा नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा टला: रंजीत सिंह ढडरियां वाले का काफिला दुर्घटनाग्रस्त, चालक की सूझबूझ से बची जान

29 Sep, 2026 04:49 PM

बरनाला-बठिंडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गांव खुड्डी खुर्द के पास परमेश्वर द्वार के मुख्य प्रबंधक धार्मिक प्रचारक रंजीत सिंह ढडरियां वाले के काफिले के साथ एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार, रंजीत सिंह ढडरियां वाले का काफिला बरनाला की तरफ से बठिंडा की ओर जा रहा था। जब काफिला गांव खुड्डी खुर्द के पास पहुंचा, तब हाईवे पर डिवाइडर की सफाई कर रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के कारण अचानक दुर्घटना की स्थिति बन गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली हाईवे के डिवाइडर के साथ सड़क पर ही खड़ी थी। उसी दौरान पीछे से आ रही एक बस द्वारा कट मारे जाने के कारण वाहनों के टकराने की स्थिति उत्पन्न हो गई। काफिले में शामिल टेम्पो ट्रैवलर के चालक की मुस्तैदी और सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया, हालांकि टेम्पो ट्रैवलर को काफी नुकसान पहुंचा है। काफिले में सवार लोगों ने बताया कि सड़क के बीच लापरवाही से खड़े किए गए ट्रैक्टर-ट्रॉली के कारण भारी नुकसान हो सकता था, लेकिन चालक ने वाहन को संभाल लिया। दूसरी ओर, हाईवे पर सफाई का काम कर रहे ट्रैक्टर चालक रेशम सिंह का कहना था कि उसने अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी की हुई थी, लेकिन पीछे से आई एक बस द्वारा अचानक कट मारे जाने के कारण यह हादसा हुआ और गाड़ियां आपस में टकरा गईं। गनीमत यह रही कि रंजीत सिंह ढडरियां वाले और उनके काफिले में मौजूद किसी भी सदस्य को कोई शारीरिक चोट नहीं आई और सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों का भारी जमावड़ा लग गया, लेकिन उस समय सड़क सुरक्षा बल की टीम मौके पर नहीं पहुंची। गौरतलब है कि रंजीत सिंह ढडरियां वाले पंजाब तथा देश-विदेश में धर्म प्रचार के लिए अक्सर यात्रा करते रहते हैं और इसी सिलसिले में वह अपने काफिले के साथ बठिंडा जा रहे थे।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News