Daily Suraj

हिन्दी

ओरीयन कैप्सूल की सुरक्षित लैंडिंग, नासा के चारों अंतरिक्ष यात्री सकुशल वापस

11 Apr, 2026 07:12 AM

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA के आर्टेमिस-II मिशन के तहत चार अंतरिक्ष यात्री शुक्रवार को सफलतापूर्वक पृथ्वी पर लौट आए। ओरीयन क्रू कैप्सूल “इंटीग्रिटी” ने प्रशांत महासागर में शानदार स्प्लैशडाउन करते हुए सुरक्षित लैंडिंग की। इस मिशन में कमांडर Reid Wiseman, पायलट Victor Glover, मिशन स्पेशलिस्ट Christina Koch और कनाडा के Jeremy Hansen शामिल थे। सभी अंतरिक्ष यात्री सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर वापस लौट आए हैं। ओरीयन अंतरिक्ष यान ने सैन डिएगो तट के पास प्रशांत महासागर में सफलतापूर्वक स्प्लैशडाउन किया। पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश करने के बाद, कैप्सूल ने पैराशूट प्रणाली की मदद से समुद्र में सुरक्षित उतरने की प्रक्रिया पूरी की। इसके तुरंत बाद रिकवरी टीम मौके पर पहुंच गई। लंबी प्रक्रिया के बाद अंतरिक्ष यात्रियों को कैप्सूल से सुरक्षित बाहर निकाला गया और फिर उन्हें अमेरिकी नौसेना के जहाज पर ले जाया गया। मिशन का यह अंतिम चरण सबसे जोखिम भरा माना जाता है। वायुमंडल में प्रवेश के दौरान ओरीयन कैप्सूल को लगभग 2760 डिग्री सेल्सियस तक के अत्यधिक तापमान का सामना करना पड़ा। इस दौरान कैप्सूल की हीट शील्ड ने अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की। इसके अलावा तेज गति से पुनः प्रवेश, सही कोण बनाए रखना और समय पर पैराशूट का खुलना—ये सभी पहलू इस प्रक्रिया को तकनीकी रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण बनाते हैं। यह स्प्लैशडाउन न केवल मिशन का चरम बिंदु था, बल्कि तकनीकी सटीकता की भी अंतिम परीक्षा साबित हुआ। अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने सोशल मीडिया के माध्यम से अंतरिक्ष यात्रियों को आर्टेमिस-II मिशन की सफल वापसी पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही व्हाइट हाउस में अंतरिक्ष यात्रियों से मिलने की उम्मीद कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि अमेरिका भविष्य में भी ऐसे मिशनों को जारी रखेगा और अगला बड़ा लक्ष्य मंगल ग्रह होगा।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News