सीमा पार हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश, नाबालिग समेत 6 आरोपी काबू
एक बड़ी कार्रवाई में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा उनके कब्जे से सात आधुनिक पिस्तौल बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पुर्तगाल से संचालित एक विदेशी हैंडलर के संपर्क में थे। यह हैंडलर पाकिस्तान के जरिए अवैध हथियारों की तस्करी में उनकी मदद कर रहा था। पुलिस के अनुसार, यह खेप आगे आपराधिक तत्वों तक पहुंचाई जानी थी। इस संबंध में अमृतसर के थाना छावनी में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क के आगे और पीछे के लिंक स्थापित करने तथा पूरे गिरोह को खत्म करने के लिए विस्तृत जांच कर रही है। यह जानकारी पंजाब पुलिस के डीजीपी Gaurav Yadav ने दी। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस अवैध हथियारों की तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति पर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Posted By: Daily Suraj Bureau