भारतीय एथलेटिक्स के सितारों का सम्मान, नीरज चोपड़ा और पारुल चौधरी रहे आकर्षण का केंद्र
पहले भारतीय एथलेटिक्स पुरस्कार समारोह में ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा और धाविका पारुल चौधरी को क्रमशः पुरुष और महिला वर्ग में सर्वश्रेष्ठ एथलीट का सम्मान प्रदान किया गया। वहीं, शाहनवाज खान और पूजा को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ उभरते पुरुष और महिला एथलीट का पुरस्कार दिया गया। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) द्वारा स्थापित इन पुरस्कारों का वितरण केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने किया। समारोह में विश्व एथलेटिक्स के उपाध्यक्ष आदिल जे. सुमरीवाला, श्रीलंका एथलेटिक्स के अध्यक्ष कोरोटेज बिमल प्रसन्ना, मालदीव के खेल आयुक्त मोहम्मद थोलाल सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहीं। डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा कि पिछले एक दशक में भारतीय एथलेटिक्स ने उल्लेखनीय प्रगति की है और भारतीय खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि भारतीय एथलेटिक्स पुरस्कार उन खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और संस्थाओं के योगदान को सम्मानित करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिन्होंने इस विकास में अहम भूमिका निभाई है। समारोह के दौरान भारतीय एथलेटिक्स में लंबे समय तक योगदान देने वाले महान खिलाड़ियों गुरबचन सिंह रंधावा, बहादुर सिंह चौहान, पी. टी. ऊषा और अंजू बॉबी जॉर्ज को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। एएफआई के अध्यक्ष बहादुर सिंह सग्गू ने कहा कि इन पुरस्कारों का उद्देश्य भारतीय एथलेटिक्स में उत्कृष्टता का सम्मान करना और खिलाड़ियों, कोचों, तकनीकी अधिकारियों तथा अन्य हितधारकों के योगदान को पहचान देना है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान भविष्य में भारतीय एथलेटिक्स का एक प्रतिष्ठित पुरस्कार बनेगा। सर्वश्रेष्ठ पुरुष एथलीट का पुरस्कार प्राप्त करने के बाद नीरज चोपड़ा ने कहा कि देश के अनेक उत्कृष्ट खिलाड़ियों के बीच यह सम्मान मिलना उनके लिए विशेष गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि भारतीय एथलेटिक्स लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है और हर वर्ष नई प्रतिभाएं सामने आ रही हैं, जो उन्हें और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती हैं। पारुल चौधरी ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपने कोचों, सहयोगी स्टाफ और परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उनकी उपलब्धियां अधिक से अधिक युवा लड़कियों को एथलेटिक्स अपनाने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करेंगी। सर्वश्रेष्ठ उभरते पुरुष एथलीट शाहनवाज खान ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत है। वहीं पूजा ने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय सम्मान से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वह भविष्य में देश के लिए और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए कड़ी मेहनत जारी रखेंगी। लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्राप्त करने वाली पी. टी. ऊषा ने कहा कि एथलेटिक्स ने उन्हें जीवन में सब कुछ दिया है और भारतीय एथलेटिक्स की निरंतर प्रगति देखकर उन्हें बेहद खुशी होती है। वहीं अंजू बॉबी जॉर्ज ने कहा कि भारतीय एथलेटिक्स ने लंबा सफर तय किया है और अब देश के खिलाड़ी दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों से मुकाबला करने की क्षमता रखते हैं। समारोह में श्रीराम सिंह, चार्ल्स बोरोमियो, चंद राम और कमलजीत संधू सहित भारतीय एथलेटिक्स की कई प्रमुख हस्तियां, कोच और प्रशासक शामिल हुए। इस अवसर पर वर्ष 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के साथ-साथ भारतीय एथलेटिक्स को नई पहचान दिलाने वाले दिग्गजों का भी सम्मान किया गया। पुरस्कारों के तहत नीरज चोपड़ा और पारुल चौधरी को 10-10 लाख रुपये, शाहनवाज खान और पूजा को 2.50-2.50 लाख रुपये तथा लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड विजेताओं को 5-5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसके अलावा एएफआई ने वर्ष के सर्वश्रेष्ठ कोच, सर्वश्रेष्ठ राज्य एथलेटिक्स संघ, सर्वश्रेष्ठ तकनीकी अधिकारी, सर्वश्रेष्ठ स्टेट सपोर्टिंग एथलेटिक्स, संगठन सपोर्टिंग एथलेटिक्स और पार्टनर सपोर्टिंग एथलेटिक्स सहित अन्य श्रेणियों में भी पुरस्कार प्रदान किए।
सर्वश्रेष्ठ पुरुष एथलीट 2025: नीरज चोपड़ा – ₹10 लाख
सर्वश्रेष्ठ महिला एथलीट 2025: पारुल चौधरी – ₹10 लाख
सर्वश्रेष्ठ उभरते पुरुष एथलीट 2025: शाहनवाज खान – ₹2.50 लाख
सर्वश्रेष्ठ उभरती महिला एथलीट 2025: पूजा – ₹2.50 लाख
लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड: पी. टी. ऊषा – ₹5 लाख
लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड: गुरबचन सिंह रंधावा – ₹5 लाख
लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड: अंजू बॉबी जॉर्ज – ₹5 लाख
लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड: बहादुर सिंह चौहान – ₹5 लाख
Posted By: Daily Suraj Bureau