कमीशन नहीं मिलने का आरोप, बरनाला के पूर्व पार्षद ने उठाया आत्मघाती कदम
पंजाब के बरनाला शहर के पूर्व पार्षद नछत्तर सिंह उर्फ जग्गा सिंह ने सोमवार तड़के करीब 2 बजे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक द्वारा छोड़े गए एक सुसाइड नोट का भी पता चला है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस नोट में दावा किया गया है कि सेखा रोड स्थित एक कॉलोनी के मालिकों द्वारा उनका बनता कमीशन नहीं दिए जाने के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। मृतक के भाई और नगर निगम के सफाई ठेकेदार मीता ने कहा कि जब तक पुलिस सुसाइड नोट में नामित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार नहीं करती, तब तक परिवार अंतिम संस्कार नहीं करेगा। घटना के बाद शहर में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि क्या पुलिस जांच के दौरान सुसाइड नोट में जिन कॉलोनाइजरों का उल्लेख किया गया है, उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी या फिर केवल औपचारिक जांच कर मामले को आगे बढ़ाया जाएगा। इस संबंध में थाना सिटी के प्रभारी लखविंदर सिंह ने बताया कि आत्महत्या करने वाले जग्गा सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। उन्होंने कहा कि परिवार के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा और उसके बाद पूरे मामले की विस्तृत जांच की जाएगी।
Posted By: Daily Suraj Bureau