Daily Suraj

हिन्दी

गिनिया में बड़ा हादसा: कूड़े का पहाड़ ढहा, 30 लोगों की मौत

24 Aug, 2026 09:12 AM

पश्चिमी अफ्रीकी देश गिनिया की राजधानी कानाकरी में भारी बारिश के बाद कूड़े के एक विशाल ढेर के ढहने से कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई। हादसा दर असलाम कूड़ा डंप के पास हुआ, जहां रातभर हुई तेज बारिश के बाद कूड़े का मलबा आसपास बने घरों पर जा गिरा। स्थानीय अधिकारियों और बचावकर्मियों के अनुसार, राहत एवं बचाव अभियान के दौरान मलबे से अब तक 30 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। यह हादसा सूर्योदय से पहले हुआ, जिससे आसपास के कई घर मलबे के नीचे दब गए। स्थानीय उप-शहर प्रमुख लांसीने सिला ने शुरुआत में मलबे से 18 शव निकाले जाने की पुष्टि की थी। इसके बाद अधिकारियों और एसोसिएटेड प्रेस (एपी) की ओर से जारी अपडेट में मृतकों की संख्या बढ़कर 30 हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद गिनिया की क्षेत्रीय प्रशासन मंत्री जेनाबू टोरे ने घटनास्थल का दौरा किया और हालात का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से बचाव कार्यों को तेज किया गया है और मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, इस खतरनाक डंप साइट के आसपास रहने वाले लोगों को पहले ही सावधान किया गया था। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के घरों को खाली कराने के प्रयास भी किए थे। इसके चलते बड़ी संख्या में लोग वहां से चले गए थे, लेकिन हादसे के समय कुछ परिवार अभी भी इलाके में मौजूद थे। मिलिट्री इंजीनियरिंग बटालियन के सैनिटेशन अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल बाल्डे मामादो बायलो ने बताया कि यह खुला कूड़ा डंप शहर का सबसे बड़ा डंप है। इसे रविवार को ही आधिकारिक रूप से बंद किया जाना था। प्रशासन ने लैंडफिल के आसपास रहने वाले स्थानीय लोगों को पहले ही घर खाली करने के नोटिस जारी किए थे। इसके बावजूद कुछ परिवार वहां रह रहे थे। भारी बारिश के बाद कूड़े का विशाल ढेर अचानक ढह गया और आसपास के घरों को अपनी चपेट में ले लिया। फिलहाल बचाव दल मलबे को हटाने और उसमें दबे लोगों की तलाश में जुटे हैं। हादसे के बाद इलाके में राहत और बचाव अभियान जारी है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News