डोनाल्ड ट्रंप ने शेयर किया नक्शा, 'न्यू मैक्सिको' का नाम बदलकर दिखाया 'न्यू अमेरिका'
अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक नक्शा साझा कर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में एक नई बहस को जन्म दे दिया है। इस नक्शे में अमेरिकी राज्य 'न्यू मैक्सिको' के नाम से 'मैक्सिको' शब्द को काटकर उसकी जगह 'अमेरिका' लिखा गया है, जिससे राज्य का नाम 'न्यू अमेरिका' दिखाई दे रहा है। राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा पोस्ट की गई इस तस्वीर को बाद में व्हाइट हाउस के आधिकारिक एक्स (ट्विटर) हैंडल से भी री-पोस्ट किया गया। हालांकि, राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से इस पोस्ट के साथ कोई आधिकारिक टिप्पणी या स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है। व्हाइट हाउस ने भी न्यू मैक्सिको का आधिकारिक नाम बदलने से जुड़ी किसी योजना या औपचारिक प्रस्ताव का ऐलान नहीं किया है। कानूनी व संवैधानिक विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति के पास संघीय (फेडेरल) स्तर पर कुछ भौगोलिक स्थानों के नाम बदलने का अधिकार तो होता है, लेकिन वे अकेले किसी राज्य का आधिकारिक नाम नहीं बदल सकते। इस तरह के बदलाव के लिए राज्य की अपनी तय कानूनी और विधायी प्रक्रिया का पालन करना अनिवार्य होता है। यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब ट्रंप प्रशासन द्वारा कुछ अन्य भौगोलिक संस्थाओं के नाम बदलने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे पहले प्रशासन ने 'मेक्सिको की खाड़ी' (गल्फ ऑफ मैक्सिको) का नाम बदलकर 'गल्फ ऑफ अमेरिका' करने का निर्णय लिया था। वहीं हाल ही में 'लेक ओंटारियो' का नाम 'लेक अमेरिका' करने के सुझाव को लेकर भी व्यापक चर्चा शुरू हुई थी। ट्रंप की इस नई पोस्ट पर स्थानीय नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। न्यू मैक्सिको की गवर्नर मिशेल लुजान ग्रिशम ने स्पष्ट किया कि राज्य का नाम किसी भी तरह की बहस का विषय नहीं है। इसके साथ ही डेमोक्रेटिक सीनेटर मार्टिन हेनरिच ने भी कहा कि वे गल्फ ऑफ मैक्सिको, लेक ओंटारियो और न्यू मैक्सिको को उनके वास्तविक और ऐतिहासिक नामों से ही पुकारेंगे। उल्लेखनीय है कि न्यू मैक्सिको नाम का उपयोग अमेरिका की स्थापना से भी कई शताब्दियों पहले से इतिहास में होता आ रहा है।
Posted By: Daily Suraj Bureau