Daily Suraj

हिन्दी

शिरोमणि कमेटी का बड़ा कदम: नशा विरोधी संघर्ष में घायल हुए परविंदर सिंह झोटा के साथियों को 5-5 लाख रुपये के चेक सौंपे

22 Oct, 2026 09:18 AM

नशों के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए शहादत का जाम पीने वाले परविंदर सिंह झोटा के साथ संघर्ष के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए युवाओं की सहायता के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) आगे आई है। एसजीपीसी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी द्वारा पहले किए गए ऐलान को अमलीजामा पहनाते हुए आज संस्था की ओर से चार घायल युवाओं को 5-5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता के चेक सौंपे गए। यह चेक तख्त श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी टेक सिंह, अंतरंग कमेटी सदस्य गुरप्रीत सिंह झब्बर और मीत सचिव आजाददीप सिंह द्वारा खुद मौके पर पहुंचकर घायल युवाओं को प्रदान किए गए। इस अवसर पर शहीद भाई परविंदर सिंह के पिता बापू भीम सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रहे। गौरतलब है कि पिछले दिनों नशों के कारोबार के खिलाफ आवाज उठाने के दौरान घटी दुखद घटना में परविंदर सिंह झोटा शहीद हो गए थे, जबकि उनके चार अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस दर्दनाक घटना के बाद एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी और ज्ञानी टेक सिंह ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की थी और घायल युवाओं के इलाज व सहायता के लिए आर्थिक मदद देने की घोषणा की थी। इस मौके पर बोलते हुए सिंह साहिब ज्ञानी टेक सिंह ने कहा कि युवाओं को नशों की दलदल से बाहर निकालने के लिए हिम्मत के साथ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह की शहादत पूरी कौम के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि नशों जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ संघर्ष करना समय की सबसे बड़ी मांग है और इस दिशा में प्रयास करने वाले युवाओं के साथ खड़े रहना सबका कर्तव्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी दुख की इस घड़ी में पीड़ित युवाओं और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ आवाज उठाने वाले युवाओं को अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान तख्त श्री दमदमा साहिब के मैनेजर नरेंद्रजीत सिंह भवानीगढ़, मैनेजर मंदीप सिंह माखा और रजिंदर सिंह सहित कई प्रमुख शख्सियतें उपस्थित थीं।

Latest News