27वें दिन सोनम वांगचुक ने समाप्त की भूख हड़ताल, जेपी नड्डा ने जूस पिलाया
पेपर लीक के विरोध में भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक ने 27वें दिन अपना अनशन समाप्त कर दिया। गुरुवार देर रात केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचे, जहां जेपी नड्डा ने सोनम वांगचुक को अपने हाथों से जूस पिलाकर उनका अनशन समाप्त कराया। जानकारी के अनुसार, दोनों केंद्रीय मंत्री गुरुवार रात लगभग 12:30 बजे मेदांता अस्पताल पहुंचे। इसके बाद सोनम वांगचुक ने अपना 27 दिनों से जारी अनशन समाप्त किया। इस बीच, काकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त करने पर खुशी जताई। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि जंतर-मंतर पर चल रहा विरोध प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते। उन्होंने बताया कि जंतर-मंतर पर जारी विरोध प्रदर्शन का शुक्रवार को 35वां दिन है और वहां हजारों प्रदर्शनकारी अब भी डटे हुए हैं। इसके साथ ही CJP ने 24 जुलाई को देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों का भी आह्वान किया है।
Posted By: Daily Suraj Bureau