Daily Suraj

हिन्दी

ऑस्ट्रेलिया की सिडनी यूनिवर्सिटी में शैक्षणिक धोखाधड़ी का बड़ा खुलासा: 91 प्रतिशत मामले अंतरराष्ट्रीय छात्रों के, भारतीय छात्र भी शामिल

19 Nov, 2026 08:57 AM

ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित सिडनी यूनिवर्सिटी में शैक्षणिक धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े से जुड़ा बड़ा खुलासा हुआ है। सूचना की स्वतंत्रता कानून के तहत जारी एक आंतरिक रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025 के दौरान धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेजों और शैक्षणिक बेईमानी के 330 गंभीर मामले दर्ज किए गए। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से 91 प्रतिशत मामले अंतरराष्ट्रीय छात्रों से संबंधित थे, जबकि यूनिवर्सिटी में अंतरराष्ट्रीय छात्रों की कुल हिस्सेदारी लगभग 52 प्रतिशत है। रिपोर्ट में बेईमानी के तरीकों का ब्योरा देते हुए बताया गया कि इनमें बीमारी के फर्जी मेडिकल प्रमाणपत्र पेश कर परीक्षाओं से छूट या अतिरिक्त समय लेना, नकली दस्तावेज तैयार करना तथा पैसे देकर दूसरों से असाइनमेंट और अन्य शैक्षणिक कार्य करवाना शामिल है। इसके अलावा शैक्षणिक प्रमाणपत्रों के फर्जी होने के मामले भी सामने आए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इन मामलों में भारत सहित अन्य एशियाई देशों से पढ़ाई करने आए छात्रों की संख्या अधिक बताई गई है। आंकड़ों के अनुसार, ऐसे मामलों की संख्या वर्ष 2023 में 1,007 दर्ज की गई थी, जो वर्ष 2025 में घटकर 330 रह गई। हालांकि, रिपोर्ट में मामलों के कम दर्ज होने (अंडर-रिपोर्टिंग) की संभावना भी जताई गई है। कार्रवाई और सजा के विवरण के अनुसार, प्रशासन द्वारा 628 फेल ग्रेड दिए गए, 152 निलंबन किए गए, 39 छात्रों को यूनिवर्सिटी से निष्कासित किया गया और तीन डिग्रियां रद्द की गईं। फर्जी दस्तावेजों, तकनीकी धोखाधड़ी और संगठित नकल के नेटवर्क से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए यूनिवर्सिटी की ओर से एक विशेष जांच टास्कफोर्स का भी गठन किया गया है।

Latest News