हिमाचल के चंबा में कार गहरी खाई में गिरी, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मंगलवार सुबह पठानकोट-चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बारिश के दौरान एक कार गहरी खाई में गिर गई, जिससे एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कार मालिक बचन सिंह, उनके पुत्र रिपन, बहू रिंपी, भतीजी कीर्ति राणा और पोते के रूप में हुई है। मृतकों में एक आठ महीने का शिशु और दो महिलाएं भी शामिल हैं। हादसे के बाद सभी शव कार के अंदर फंसे हुए थे, जिन्हें बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। रिपोर्टों के अनुसार, दुर्घटना के समय इलाके में भारी बारिश हो रही थी। घना कोहरा और फिसलन भरी सड़क के कारण ऑल्टो कार का चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार गहरी खाई में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। लगातार हो रही बारिश और कठिन परिस्थितियों के कारण पुलिस तथा बचाव दलों को घटनास्थल तक पहुंचने और राहत कार्य चलाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
Posted By: Daily Suraj Bureau