Daily Suraj

हिन्दी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के कार्यकाल पर भाजपा पंजाब अध्यक्ष ने जताया आभार

10 Jun, 2026 04:29 PM

भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश सेवा में 12 वर्ष का सफल कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर शुकराना अरदास की। इस अवसर पर उन्होंने गुरु चरणों में अरदास करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, देश, पंजाब और भारतीय जनता पार्टी की निरंतर प्रगति एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और मजबूत नीतियों के कारण भारत ने वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों को छुआ है। केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पिछले वर्षों में देशभर में हाईवे, एक्सप्रेसवे और हवाई अड्डों के विकास को अभूतपूर्व गति मिली है। भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण के साथ-साथ ‘वंदे भारत’ जैसी आधुनिक और तेज रफ्तार ट्रेनों की शुरुआत भी महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल है। उन्होंने कहा कि आज भारत डिजिटल लेनदेन के क्षेत्र में विश्व के अग्रणी देशों में शामिल हो चुका है। गांव-गांव तक इंटरनेट और डिजिटल सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित कर आम नागरिकों के जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर का निर्माण कराया, लंगर को जीएसटी से मुक्त किया तथा 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े मामलों की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। उन्होंने कहा कि इसके परिणामस्वरूप कई प्रमुख दोषियों को सजा मिली और पीड़ित परिवारों को अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की शहादत को सम्मान देते हुए प्रत्येक वर्ष 26 दिसंबर को ‘वीर बाल दिवस’ के रूप में मनाने की शुरुआत की गई। इसके अलावा श्री गुरु नानक देव जी का 550वां प्रकाश पर्व, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का 350वां प्रकाश पर्व तथा श्री गुरु तेग बहादुर जी का 400वां प्रकाश पर्व देश और विदेश में सरकारी स्तर पर श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत जैसी कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सीधा लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई गई है, सीमाओं को अधिक सुरक्षित बनाया गया है और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान के तहत रक्षा क्षेत्र में आधुनिक उपकरणों और हथियारों के स्वदेशी निर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की आवाज को गंभीरता से सुना जाता है और देश विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर चुका है। अंत में केवल सिंह ढिल्लों ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास के नए मानक स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पंजाब भी विकास, सुशासन और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ेगा तथा राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News