Daily Suraj

हिन्दी

नीट-यूजी पेपर लीक मामला: दिल्ली की अदालत ने 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने के दिए निर्देश

18 Nov, 2026 10:59 AM

दिल्ली की राऊज एवेन्यू अदालत ने बहुचर्चित नेशनल एलिजिबिलिटी-कम-एंट्रेंस टेस्ट अंडरग्रेजुएट (NEET-UG) पेपर लीक मामले में 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने के निर्देश जारी किए हैं। इन आरोपियों पर कॉपीराइट अधिनियम (Copyright Act) के तहत अपराधों सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत आरोप तय किए जाएंगे। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की मुख्य और सप्लीमेंट्री चार्जशीट में दर्ज अपराधों को शामिल करते हुए यह आरोप शनिवार, 21 नवंबर को औपचारिक रूप से तय किए जाएंगे। इसके लिए अदालत ने सभी 14 आरोपियों को उस दिन व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने का निर्देश दिया है। जिन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, उनमें मांगी लाल बिवल, दिनेश बिवल, विकास बिवल, मनीषा वाघमारे, मनीष मधारे, मनीषा हवलदार, पी.वी. कुलकर्णी, रघुनाथ मोटेगांवकर, मनोज शिरूरे, शुभम खैरनार, शेषराव बजरंग सूर्यवंशी, यश यादव, धनंजय लोखंडे और तेजस हर्षद कुमार शाह शामिल हैं। गौरतलब है कि इस वर्ष नीट-यूजी की परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर से लगभग 22 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे। परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्र लीक होने के गंभीर आरोप सामने आने के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 12 मई को इस परीक्षा को रद्द करने का फैसला किया था। इसके बाद छात्रों की सुविधा के लिए 21 जून को दोबारा परीक्षा (री-एग्जाम) का आयोजन कराया गया था। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की औपचारिक शिकायत के आधार पर सीबीआई ने 12 मई को इस मामले में प्राथमिकी (केस) दर्ज की थी। इस हाई-प्रोफाइल मामले में पहली गिरफ्तारियां 13 मई को की गईं थीं, जिसके बाद जांच का दायरा तेजी से आगे बढ़ा और महाराष्ट्र, राजस्थान तथा हरियाणा राज्यों तक फैल गया।

Latest News