UGC NET Results: NTA ने जारी किया 84 विषयों का रिजल्ट, 4 हजार से अधिक उम्मीदवार JRF के लिए योग्य
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने शनिवार तड़के 84 विषयों के लिए आयोजित यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट (UGC-NET) के परिणाम घोषित कर दिए। जारी परिणाम के अनुसार 4,000 से अधिक उम्मीदवार जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) के लिए पात्र पाए गए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, 84 विषयों में परीक्षा देने वाले 6.07 लाख उम्मीदवारों में से 97,000 से अधिक अभ्यर्थियों ने पीएचडी में प्रवेश के लिए पात्रता हासिल की है। वहीं, 4,000 से ज्यादा उम्मीदवार JRF के लिए योग्य घोषित किए गए हैं। तीन विषयों के प्रश्नपत्रों में मिली थीं गड़बड़ियां गौरतलब है कि NTA ने इस वर्ष जून में अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र के पेपर देने वाले उम्मीदवारों के लिए दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया था। एक विशेषज्ञ समिति ने इन विषयों के प्रश्नपत्रों में तथ्यात्मक, टाइपिंग, अनुवाद और भाषा से जुड़ी गलतियां पाई थीं। परीक्षा के करीब दो महीने बाद 16 अगस्त को NTA ने समाजशास्त्र, कॉमर्स और अंग्रेजी के पेपरों को लेकर विशेष नोटिस जारी किया और UGC-NET की उत्तर कुंजी जारी की। बाद में उसी दिन इन प्रश्नपत्रों में मिली गलतियों का हवाला देते हुए तीनों विषयों की परीक्षा दोबारा कराने की घोषणा की गई। 9 और 10 सितंबर को होगी पुनर्परीक्षा अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र की पुनर्परीक्षाएं 9 और 10 सितंबर को आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं में शामिल होने वाले उम्मीदवारों से किसी तरह की अतिरिक्त परीक्षा फीस नहीं ली जाएगी। UGC-NET परीक्षा NTA की ओर से भारतीय विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में सहायक प्रोफेसर (Assistant Professor) के पद तथा जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) के लिए उम्मीदवारों की पात्रता निर्धारित करने के लिए आयोजित की जाती है।
Posted By: Daily Suraj Bureau