Daily Suraj

हिन्दी

हिमाचल के बोर्डिंग स्कूल में सिख छात्र से रैगिंग: 11वीं-12वीं के 5 छात्र सस्पेंड, पुलिस जांच शुरू

08 Sep, 2026 07:29 AM

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में स्थित एक बोर्डिंग स्कूल में नौवीं कक्षा के एक सिख छात्र के साथ हुई रैगिंग के मामले में स्कूल प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 छात्रों को निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है। सस्पेंड किए गए सभी छात्र 11वीं और 12वीं कक्षा के हैं और वे पंजाब के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जिस पीड़ित छात्र के साथ रैगिंग हुई है, वह भी पंजाब का ही निवासी है। दूसरी ओर, पीड़ित छात्र तलविंदर मनेश और अन्य लोगों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए डगशाई थाना पुलिस ने सोमवार शाम विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। पुलिस टीम स्कूल पहुंचकर पांचों आरोपी छात्रों से पूछताछ करेगी। आरोपी छात्रों के अलावा हॉस्टल वार्डन से भी पूछताछ की जाएगी। इस मामले में डगशाई पुलिस ने सोमवार शाम स्कूल के प्रिंसिपल रविंदर वोहरा के बयान भी दर्ज कर लिए हैं। इस घटना पर श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी कुलदीप सिंह गढ़गज्ज ने भी गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि स्कूल के ही अन्य बच्चों द्वारा एक सिख बच्चे के साथ ऐसी हरकत करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और इसे रोकना पूरी तरह से स्कूल प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी बच्चे के साथ ऐसा व्यवहार नहीं होना चाहिए। जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गढ़गज्ज ने बताया कि उन्होंने पीड़ित सिख छात्र और उसके परिवार से बात की है तथा उन्हें चढ़दी कला में रहने का संदेश देते हुए भरोसा दिलाया है कि श्री अकाल तख्त साहिब इस घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News