इस्फहान में सेना का हेलीकॉप्टर बाजार में गिरा, पायलट समेत चार की मौत
ईरान में तनावपूर्ण माहौल के बीच सेना का एक हेलीकॉप्टर इस्फहान प्रांत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हेलीकॉप्टर एक फल-सब्जी की थोक मंडी में गिरा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हेलीकॉप्टर ईरानी सेना की एविएशन यूनिट का था। यह दुर्घटना इस्फहान प्रांत के खोमेनी शहर काउंटी के दारचेह शहर स्थित फल और सब्जी बाजार क्षेत्र में हुई। हादसे के बाद घटनास्थल पर हेलीकॉप्टर का मलबा दूर-दूर तक फैल गया। इस दुर्घटना में हेलीकॉप्टर के पायलट और सह-पायलट की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा बाजार में मौजूद दो अन्य लोगों की भी जान चली गई। सोशल मीडिया पर सामने आई वीडियो में बाजार क्षेत्र में फैला मलबा और उठता धुआं साफ देखा जा सकता है। ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, हादसे के समय बाजार में मौजूद दो नागरिकों की भी मौत हुई है। फिलहाल, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
Posted By: Daily Suraj Bureau