Daily Suraj

हिन्दी

केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने दिया इस्तीफा, राष्ट्रपति ने तुरंत किया मंजूर

24 Jul, 2026 08:25 PM

केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वह केंद्र सरकार में रेल राज्य मंत्री तथा खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री के रूप में कार्यरत थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। रवनीत सिंह बिट्टू के इस्तीफे के बाद पंजाब की राजनीति से लेकर केंद्र सरकार में संभावित कैबिनेट फेरबदल तक विभिन्न तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। उल्लेखनीय है कि वह केंद्र सरकार में पंजाब से भारतीय जनता पार्टी के एकमात्र राज्य मंत्री थे और उनके पास रेल मंत्रालय के साथ-साथ खाद्य प्रसंस्करण उद्योग विभाग की जिम्मेदारी भी थी। इस्तीफे के बाद सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि वह भारत सरकार में राज्य मंत्री के रूप में देश की सेवा करने का अवसर देने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत के लोगों, विशेषकर पंजाब के नागरिकों की सेवा करना उनके लिए अत्यंत सम्मान और गर्व की बात रही है। उन्होंने यह भी कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, राष्ट्रवाद के आदर्शों और 'विकसित भारत' के संकल्प के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं तथा उनकी सार्वजनिक जीवन की यात्रा नए समर्पण के साथ आगे भी जारी रहेगी।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News