अमृतपाल सिंह डिब्रूगढ़ जेल से बाहर आए, दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पंजाब रवाना
खडूर साहिब से सांसद और अकाली दल वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल सिंह को अपनी दादी माता चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए असम की डिब्रूगढ़ जेल से बाहर लाया जा रहा है। अदालत ने उन्हें इस धार्मिक और पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए तीन घंटे की कस्टडी पैरोल दी है। वह 21 नवंबर को अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
जानकारी के अनुसार, अमृतपाल सिंह को पंजाब लाने के लिए अमृतसर ग्रामीण पुलिस की एक टीम डीएसपी इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में डिब्रूगढ़ पहुंच चुकी है। पुलिस टीम उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच डिब्रूगढ़ से दिल्ली लेकर आएगी। इसके बाद 21 नवंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे विमान से पंजाब के लिए रवाना किया जाएगा।
राजासांसी एयरपोर्ट पर रहेंगे कड़े सुरक्षा इंतजाम
अमृतपाल सिंह को श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, राजासांसी (अमृतसर) लाया जाएगा। यहां से पुलिस सुरक्षा के बीच उन्हें अमृतसर जिले में स्थित उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा ले जाया जाएगा।
सुरक्षा कारणों से उन्हें कहां रखा जाएगा, इस संबंध में पुलिस ने अभी कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। उनकी पंजाब यात्रा के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
अदालत ने तीन घंटे की कस्टडी पैरोल दी
अमृतसर की अदालत ने अमृतपाल सिंह को अपनी दादी माता चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए तीन घंटे की हिरासत पैरोल मंजूर की है। अदालत के आदेश के अनुसार, वह 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक पुलिस हिरासत में रहते हुए अंतिम संस्कार में शामिल हो सकेंगे।
इस दौरान उन्हें पुलिस की निगरानी में रखा जाएगा।
अजनाला थाने की घटना के बाद चर्चा में आए थे अमृतपाल
अमृतपाल सिंह फरवरी 2023 में अजनाला थाने में हुई घटना के बाद पंजाब की राजनीति में सुर्खियों में आए थे। 23 फरवरी 2023 को उनके समर्थकों ने अपने साथी लवप्रीत सिंह तूफान की रिहाई की मांग को लेकर अजनाला थाने के बाहर लगे बैरिकेड तोड़ दिए थे और थाने के अंदर प्रवेश कर लिया था।
इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हुआ था, जिसमें एसपी जुगराज सिंह सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।
इस घटना के बाद पुलिस ने अमृतपाल सिंह और उनके साथियों के खिलाफ अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज किए थे। पुलिस ने एक महीने से अधिक समय तक उनकी तलाश की। आखिरकार 23 अप्रैल 2023 को उन्हें मोगा जिले के गांव रोडे से गिरफ्तार कर लिया गया था।
गिरफ्तारी के बाद उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत असम की डिब्रूगढ़ जेल भेज दिया गया था।
करीब तीन साल सात महीने बाद परिवार से मुलाकात
करीब तीन साल सात महीने से अधिक समय बाद अमृतपाल सिंह अपने परिवार के बीच पहुंचेंगे। हालांकि, यह मुलाकात अदालत की ओर से निर्धारित तीन घंटे की कस्टडी पैरोल और पुलिस सुरक्षा के दायरे में होगी। इस दौरान वह अपनी दादी माता चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।