Daily Suraj

हिन्दी

मालेरकोटला में महिलाओं का गैंग सक्रिय, पुलिस ने दर्ज किया मामला

17 Mar, 2026 03:24 PM

पंजाब के मालेरकोटला में पुरुषों को हनीट्रैप में फंसाकर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में तीन नामजद महिलाओं सहित कुल पांच लोगों के खिलाफ थाना सिटी-1 में केस दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, नजदीकी गांव बुर्ज निवासी करमजीत सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले वह मालेरकोटला स्थित डॉ. गुरविंदर सिंह के अस्पताल के मेडिकल स्टोर से दवा लेने गया था। इसी दौरान बाहर एक्टिवा स्कूटी पर खड़ी दो अज्ञात महिलाओं ने उससे बातचीत शुरू की और अपने झांसे में लेकर उसे गांव आदमपाल के एक घर में ले गईं। पीड़ित के अनुसार, वहां उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया गया और मोबाइल फोन से उसकी अश्लील वीडियो बना ली गई। होश में आने पर घर में मौजूद चार महिलाओं ने उसे वीडियो के आधार पर धमकाया और बातचीत के बहाने उससे 10 हजार रुपये गूगल पे के जरिए और 1500 रुपये नकद वसूल लिए। इसके बाद उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। पीड़ित ने बताया कि बाद में उसने यह पूरी घटना अपने दोस्त चमकौर सिंह को बताई। दोनों आरोपी महिलाओं के घर पहुंचे, जहां वीडियो डिलीट करने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की गई। इस दौरान पीड़ित का मोबाइल फोन वापस कर दिया गया। 3 मार्च को चमकौर सिंह के फोन पर एक कॉल आई, जिसमें पैसे न देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि शुरू में बदनामी के डर से उसने आरोपियों से समझौता करने की कोशिश की, लेकिन साथ ही उनकी पहचान के लिए जांच भी करता रहा। बाद में उसने तीन महिलाओं की पहचान गुरविंदर कौर, हरदीप कौर और मनजोत कौर के रूप में की, जबकि दो अन्य महिलाएं अभी अज्ञात हैं। जानकारी के अनुसार, यह गिरोह पहले भी कई लोगों को इसी तरह फंसाकर उनसे पैसे वसूल चुका है। मामले की जांच कर रहे थाना सिटी-1 के प्रभारी इंस्पेक्टर दलजीत सिंह गिल ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है और गुरविंदर कौर को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी के साथ इस प्रकार की घटना होती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा सकें।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News