मुंबई के शिवाजी पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन, कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहन जताया विरोध
मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के विरोध में देश के बड़े शहरों में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। शुक्रवार को मुंबई के प्रसिद्ध शिवाजी पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान मंच पर मौजूद पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहनकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने महात्मा गांधी के विचारों और राष्ट्रीय पहचान पर जोर देते हुए कहा कि गांधी भारत की आत्मा हैं। उन्होंने कहा कि जब भारत के प्रधानमंत्री अमेरिका जाते हैं, तो वहां भी भारत को गांधी के देश के रूप में ही जाना जाता है। दीपके ने टिप्पणी करते हुए कहा, "गांधी देश की आत्मा हैं, अंबेडकर रीढ़ की हड्डी हैं और नेहरू दिमाग हैं।" पार्टी के प्रवक्ता सौरभ दास ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि देश भर का युवा इस मुद्दे को लेकर जागरूक हो रहा है और सड़कों पर उतर रहा है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी युवा धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़कों पर आए थे और इस बार भी ज्ञानेश कुमार के मामले में यही स्थिति बनने जा रही है। पार्टी नेताओं ने SIR प्रक्रिया पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने और इस प्रक्रिया को समीक्षा के दायरे में लाने की मांग की। दूसरी ओर, राजधानी दिल्ली में भी SIR के विरोध में व्यापक प्रदर्शन देखने को मिला। जंतर-मंतर पर वामपंथी दलों, आम आदमी पार्टी (AAP) और विभिन्न छात्र संगठनों (AISA, SFI, NSUI) के बैनर तले विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज, आतिशी और संजय सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सौरभ भारद्वाज, आतिशी और संजय सिंह समेत करीब 700 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।