अमृतसर: कड़े सुरक्षा पहरे में पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा रवाना हुए सांसद अमृतपाल सिंह, दादी के अंतिम संस्कार में होंगे शामिल
खडूर साहिब लोकसभा क्षेत्र से सांसद अमृतपाल सिंह अमृतसर स्थित अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा के लिए रवाना हो गए हैं। पंजाब पुलिस उन्हें अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से एक बुलेटप्रूफ वाहन में लेकर जा रही है, जिसके पीछे सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की कई अन्य गाड़ियों का काफिला भी चल रहा है। करीब साढ़े तीन साल के लंबे अंतराल के बाद पंजाब लौटे अमृतपाल सिंह आज भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। आज सुबह ही पंजाब पुलिस की टीम अमृतपाल सिंह को हवाई मार्ग से दिल्ली से अमृतसर एयरपोर्ट लेकर पहुंची थी। अमृतसर की एक अदालत ने उन्हें अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए तीन घंटे की 'कस्टडी पैरोल' प्रदान की है। पैरोल की यह अवधि दोपहर 12:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक निर्धारित की गई है, जिसके समाप्त होते ही उन्हें कड़ी सुरक्षा में वापस जेल भेज दिया जाएगा। गौरतलब है कि 'वारिस पंजाब दे' संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह को इस अंतिम संस्कार में शामिल कराने के लिए पंजाब पुलिस की टीम बीते कल ही असम की डिब्रूगढ़ जेल से दिल्ली लेकर आई थी। सुरक्षा कारणों से उन्हें रात भर दिल्ली के एक सुरक्षित आवास (सेफ हाउस) में रखा गया था। जानकारी के अनुसार, अमृतपाल सिंह को जेल से लाने और वापस ले जाने के प्रशासनिक व सुरक्षा खर्च के तौर पर उनके परिवार की ओर से पुलिस के खाते में 10 लाख रुपये की राशि जमा करवाई गई है।