दिनदहाड़े गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला बठिंडा, शराब ठेके पर कर्मचारी की हत्या; गल्ला खाली मिला
पंजाब के बठिंडा जिले के अंतर्गत आते गांव बीबी वाला में सोमवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक शराब के ठेके पर कार्यरत कर्मचारी (करिंदे) की अज्ञात हमलावरों ने गोलियां मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से भागने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही थाना कैंट पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू की। मृतक की पहचान सोलन सिंह के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वह काफी समय से बीबी वाला स्थित शराब के ठेके पर बतौर करिंदा काम कर रहा था। सोमवार को जब वह ठेके पर ड्यूटी पर मौजूद था, तभी अज्ञात व्यक्तियों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने तीन गोलियां चलाईं, जिनमें से दो गोलियां सोलन सिंह को लगीं और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस ने ठेके के अंदर रखे नकदी वाले गल्ले को भी देखा। सूत्रों के अनुसार, गल्ले में कोई नकदी मौजूद नहीं पाई गई, जिससे प्राथमिक तौर पर लूट के मकसद से हत्या किए जाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस हत्या के साथ-साथ इस पहलू को भी केंद्र में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस ने मौके से गोलियों के तीन खाली खोल (केस) बरामद किए हैं, जिन्हें कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। इसके अलावा, हमलावरों का सुराग लगाने और उनकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। थाना कैंट के कार्यकारी एसएचओ (SHO) गुरप्यार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस द्वारा अलग-अलग एंगल्स से मामले की गहराई से जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए इलाके में विशेष नाकाबंदी कर दी गई है।
Posted By: Daily Suraj Bureau