Daily Suraj

हिन्दी

तरनतारन के गांव कलसियां कलां में पुरानी रंजिश को लेकर बवाल: घर पर पथराव के बाद फायरिंग का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

27 Nov, 2026 09:45 AM

जिला तरनतारन के विधानसभा क्षेत्र खेमकरण के अंतर्गत आते गांव कलसियां कलां में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद होने का मामला सामने आया है। गुरुवार रात करीब 11 बजे एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष के घर पर पहले ईंट-पत्थर चलाने और उसके बाद देर रात घर के बाहर गोलियां चलाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। वहीं, आरोपों का सामना कर रहे दूसरे पक्ष ने फायरिंग की किसी भी घटना से साफ इनकार किया है। फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित बाज सिंह ने बताया कि उसका पड़ोसी मनप्रीत सिंह उर्फ मन्ना उससे पुरानी रंजिश रखता है। बाज सिंह के अनुसार, कुछ महीने पहले किसी व्यक्ति ने मनप्रीत सिंह को यह कह दिया था कि बाज सिंह ने पुलिस के पास उसके खिलाफ पिस्तौल रखने की झूठी सूचना दी है। इस मामले को लेकर गांव की पंचायत में भी स्पष्टीकरण दिया जा चुका था, लेकिन इसके बावजूद मन में रंजिश बनी रही। बाज सिंह ने आरोप लगाया कि गुरुवार देर रात मनप्रीत सिंह कुछ अन्य व्यक्तियों को साथ लेकर उनके घर पहुंचा और पहले घर पर ईंट-पत्थर फेंके। इसके कुछ देर बाद और युवकों को बुलाकर घर के बाहर फायरिंग की गई। पीड़ित ने बताया कि उनके पास इस घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी मौजूद हैं, हालांकि अंधेरा होने के कारण तस्वीरें स्पष्ट नहीं दिख रही हैं। पीड़ित के मुताबिक, घटना वाली रात को ही उन्होंने 112 नंबर पर फोन करके पुलिस को सूचित कर दिया था। हालांकि, उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि उन्हें अभी तक इंसाफ नहीं मिला है। बाज सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों को हलका विधायक का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने जिला तरनतारन के एस.एस.पी. और पंजाब के डी.जी.पी. से मांग की है कि उनके घर पर गोलियां चलाने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। दूसरी ओर, जब इस संबंध में दूसरे पक्ष के मनप्रीत सिंह से संपर्क किया गया, तो उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। मनप्रीत सिंह का कहना है कि दूसरे पक्ष द्वारा ही उन्हें परेशान किया जाता है, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच केवल कहासुनी (तू-तू, मैं-मैं) हुई थी, लेकिन फायरिंग जैसी कोई घटना नहीं घटी है। मौके पर पहुंचे थाना भिखीविंड के सब-इंस्पेक्टर परविंदर सिंह भुल्लर ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच के दौरान जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Latest News