अमृतसर में सनसनी: 'आप' नेता के भाई की गोलियां मारकर हत्या, साथी गंभीर रूप से घायल
पंजाब के अमृतसर देहाती पुलिस के अंतर्गत आते थाना चाटीविंड के गांव झीते कलां में पुरानी दुश्मनी के चलते आम आदमी पार्टी (आप) नेता के भाई की बेरहमी से गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान तीरथ सिंह के रूप में हुई है, जो 'आप' के ब्लॉक समिति सदस्य कारज सिंह के भाई थे। इस हमले में तीरथ सिंह का दोस्त रणजीत सिंह भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, यह खूनी वारदात सोमवार रात उस समय घटी जब तीरथ सिंह अपने दोस्त रणजीत सिंह के साथ गांव के गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर वापस लौट रहे थे। धार्मिक स्थल के समीप पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी और हाथापाई हुई, जिसके बाद हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध 7 से 8 राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां चलाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। फायरिंग में गंभीर रूप से घायल तीरथ सिंह को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल रणजीत सिंह को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मृतक का परिवार गांव की राजनीति में सक्रिय है; उनके भाई कारज सिंह ब्लॉक समिति सदस्य हैं जबकि उनकी माता गांव की 'आप' सरपंच हैं। एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर उसी गांव के गुरदित्त सिंह, हरकीरत सिंह, गुरजंत सिंह और गोरा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी गुरदित्त सिंह की कारज सिंह और उनके परिवार के साथ पुरानी रंजिश थी। दोनों पक्षों के बीच पहले भी टकराव हो चुका था, लेकिन गांव वालों के हस्तक्षेप से आपसी समझौता करा दिया गया था। सोमवार रात आरोपियों ने पीड़ितों को गुरुद्वारा साहिब के पास रोका और बहसबाजी के बाद हथियारबंद साथियों संग मिलकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।