पंजाब में एल्डरलाइन 14567 पर 2.5 लाख से अधिक कॉलों का समाधान, 91 बुजुर्गों का सफल पुनर्वास
पंजाब सरकार ने राज्य के वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए ‘एल्डरलाइन 14567’ के माध्यम से बुजुर्गों के लिए सहायता प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में संचालित इस पहल का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को समय पर सहायता, कानूनी मार्गदर्शन और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस संबंध में जानकारी देते हुए सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि एल्डरलाइन 14567 पंजाब के बुजुर्गों के लिए एक विश्वसनीय सहायता मंच बनकर उभरी है। उन्होंने बताया कि अब तक राज्यभर से प्राप्त 2.5 लाख से अधिक कॉलों का सफलतापूर्वक निपटारा किया जा चुका है। इसके अलावा हेल्पलाइन के माध्यम से 91 बेसहारा वरिष्ठ नागरिकों का रेस्क्यू कर उन्हें उनके परिवारों से मिलाया गया, जबकि बुजुर्गों के साथ दुर्व्यवहार और भरण-पोषण (मेंटेनेंस) से जुड़े 1,000 से अधिक मामलों के समाधान में भी मदद की गई है। डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और वे सम्मान, सुरक्षा तथा संवेदनशील व्यवहार के अधिकारी हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि कोई भी बुजुर्ग स्वयं को असहाय या अकेला महसूस न करे। उनके अनुसार, एल्डरलाइन 14567 केवल एक हेल्पलाइन नहीं, बल्कि जरूरत के समय भरोसेमंद मार्गदर्शन और त्वरित सहायता का माध्यम है। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पंजाब में यह सेवा सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग, हेल्पएज इंडिया (HelpAge India) तथा नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल डिफेंस (NISD) के त्रिपक्षीय सहयोग के तहत संचालित की जा रही है। यह टोल-फ्री हेल्पलाइन सप्ताह के सातों दिन सुबह 8:00 बजे से रात 8:00 बजे तक उपलब्ध रहती है, जहां प्रशिक्षित और संवेदनशील कॉल अधिकारी वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक सहायता और मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि हेल्पलाइन के माध्यम से वृद्धावस्था पेंशन, अन्य सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, पेशेवर परामर्श, कानूनी सहायता, बेघर बुजुर्गों का रेस्क्यू एवं पुनर्वास जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके साथ ही ‘माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007’ के तहत गठित जिला ट्रिब्यूनलों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार, उपेक्षा और भरण-पोषण से जुड़े मामलों के समाधान में भी यह हेल्पलाइन महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। डॉ. बलजीत कौर ने वरिष्ठ नागरिकों और उनके परिवारों से अपील की कि आवश्यकता पड़ने पर वे टोल-फ्री हेल्पलाइन 14567 का अधिक से अधिक उपयोग करें। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार एक ऐसे संवेदनशील और सहयोगी समाज के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है, जहां प्रत्येक बुजुर्ग सम्मान, सुरक्षा और मानसिक शांति के साथ अपना जीवन व्यतीत कर सके।
Posted By: Daily Suraj Bureau