सुरक्षा कारणों से दिल्ली के 16 मेट्रो स्टेशन आज भी रहेंगे बंद, यात्रियों की बढ़ेंगी परेशानी
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए शहर के 16 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया है। इस फैसले से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। डीएमआरसी के अनुसार, यह कदम राजधानी के केंद्रीय क्षेत्रों और लुटियंस दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। जंतर-मंतर पर "कॉकरोच जनता पार्टी" (सीजेपी) द्वारा जारी विरोध प्रदर्शन और अचानक बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने के कारण यह प्रतिबंध लागू किया गया है। जिन मेट्रो स्टेशनों पर प्रतिबंध लगाया गया है, उनमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम शामिल हैं। हालांकि, डीएमआरसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी एक पोस्ट में स्पष्ट किया है कि राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज सुविधा जारी रहेगी। इससे यात्रियों को प्रवेश और निकास द्वार बंद होने के बावजूद इन स्टेशनों पर ट्रेन बदलने की अनुमति होगी। उल्लेखनीय है कि यह प्रतिबंध 20 जुलाई को हुए हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद लागू किया गया था और फिलहाल अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।
Posted By: Daily Suraj Bureau