अमेरिका में बर्फीले तूफान का कहर, 11 हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द
अमेरिका में आए भीषण बर्फीले तूफान ने जनजीवन को गंभीर रूप से प्रभावित कर दिया है। तेज हवाओं और भारी बर्फबारी के कारण कई हवाई अड्डों के रनवे बंद करने पड़े, जिससे उड़ान सेवाएं बड़े पैमाने पर प्रभावित हुईं। फ्लाइट ट्रैकिंग कंपनी फ्लाइटअवेयर के अनुसार, रविवार से मंगलवार के बीच 11,055 से अधिक उड़ानें रद्द की गईं। अकेले सोमवार को ही लगभग 5,600 से 5,700 उड़ानें रद्द हुईं, जो देशभर की कुल उड़ानों का करीब 20 प्रतिशत है। राष्ट्रीय मौसम सेवा के मुताबिक, रोड आइलैंड और मैसाचुसेट्स के कुछ इलाकों में करीब 37 इंच तक बर्फबारी दर्ज की गई। भारी बर्फबारी के चलते उत्तर-पूर्वी राज्यों में बड़े पैमाने पर बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। सोमवार शाम तक 5,19,232 घरों और दफ्तरों में बिजली नहीं थी, जबकि कुल मिलाकर 6 लाख से अधिक घर प्रभावित हुए। इस आपदा का असर मीडिया पर भी पड़ा। 153 साल पुराने अखबार द बोस्टन ग्लोब को अपने इतिहास में पहली बार छपाई रोकनी पड़ी, क्योंकि कर्मचारी प्रिंटिंग प्रेस तक नहीं पहुंच सके। न्यूयॉर्क सिटी के सेंट्रल पार्क में रविवार और सोमवार के बीच करीब 20 इंच बर्फ गिरी, जबकि लॉन्ग आइलैंड इस्लिप क्षेत्र में 22 इंच से अधिक बर्फबारी दर्ज की गई। प्रोविडेंस में 32.8 इंच बर्फबारी हुई, जिसने 1978 के 28.6 इंच के पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई राज्यों में आपातकाल घोषित करना पड़ा। न्यूयॉर्क सिटी में स्कूल, सड़कें, पुल और हाईवे अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए। बाद में हालात में सुधार होने पर मेयर ज़ोहरान ममदानी ने प्रतिबंध हटाने की घोषणा की और कहा कि स्कूल मंगलवार से फिर खुलेंगे। मैसाचुसेट्स की गवर्नर मौरा हीली ने कुछ क्षेत्रों में यात्रा प्रतिबंध लागू किया और लोगों से घरों में रहने की अपील की। वहीं रोड आइलैंड के गवर्नर डैन मैकी ने पूरे राज्य में यात्रा प्रतिबंध लागू किया। इसके अलावा न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने राज्यव्यापी आपातकाल घोषित करते हुए नेशनल गार्ड को अलर्ट पर रखा है।
Posted By: Daily Suraj Bureau