Daily Suraj

हिन्दी

चंडीगढ़ में पेट्रोल-डीजल लिमिट वाले पोस्टरों से मचा हड़कंप

18 May, 2026 05:22 PM

चंडीगढ़ में पेट्रोल और डीजल की बिक्री पर सीमा तय किए जाने संबंधी पोस्टरों के सामने आने के बाद शहर में हड़कंप मच गया। सेक्टर-17 स्थित एक पेट्रोल पंप पर लगाए गए नोटिस में टू-व्हीलर के लिए ₹500 और फोर-व्हीलर के लिए ₹1500 तक ईंधन भरवाने की सीमा तय होने की बात लिखी गई थी। पोस्टर सामने आते ही शहर में पेट्रोल संकट और ईंधन की कमी को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। कई लोगों ने इसे सप्लाई में कमी से जोड़कर देखा, जिसके बाद स्थिति को लेकर चिंता बढ़ गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पेट्रोल या डीजल की बिक्री पर किसी भी प्रकार की कोई आधिकारिक सीमा या प्रतिबंध लागू नहीं किया गया है। डीसी निशांत यादव ने बयान जारी करते हुए कहा कि चंडीगढ़ में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने बताया कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने भी आवश्यक ईंधन स्टॉक उपलब्ध होने की पुष्टि की है। साथ ही सप्लाई का काम बिना किसी रुकावट के सामान्य रूप से जारी है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और बिना घबराहट के सामान्य तरीके से ईंधन खरीदने की अपील की है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News