Daily Suraj

हिन्दी

पंजाब में नशे के खिलाफ बड़ा एक्शन: नाकाबंदी के दौरान बिना नंबर की कार से 12 किलो हेरोइन बरामद

29 Sep, 2026 08:03 AM

नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोगा जिला पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 12 किलोग्राम हेरोइन के साथ तीन अंतर-जिला नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। काउंटर इंटेलिजेंस और सीआईए (CIA) स्टाफ की इस संयुक्त कार्रवाई से सीमा पार (क्रॉस-बॉर्डर) से संचालित होने वाले एक बड़े ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस कप्तान अजय राज सिंह ने मामले का ब्योरा देते हुए बताया कि डीएसपी (डी) जतिंदर सिंह के नेतृत्व में सीआईए स्टाफ प्रमुख इंस्पेक्टर दलजीत सिंह बराड़ की टीम ने थाना अजीतवाल क्षेत्र में विशेष नाकाबंदी की हुई थी। चेकिंग के दौरान एक बिना नंबर वाली स्विफ्ट कार को रोककर जब उसकी गहनता से तलाशी ली गई, तो गाड़ी से 12 किलो हेरोइन की खेप बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही कार सवार तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशे की यह खेप सप्लाई करने जा रहे थे। गिरफ्तार किए गए तस्करों में से दो की पहचान बलजिंदर सिंह और सलावर सिंह के रूप में हुई है, जो सीमावर्ती जिले फाजिल्का के रहने वाले हैं। यह दोनों आरोपी सीमा पार से आने वाली हेरोइन की सप्लाई प्राप्त कर पंजाब के विभिन्न हिस्सों में पहुंचाते थे। वहीं, तीसरा आरोपी मनप्रीत सिंह, निवासी बधनी कलां (मोगा), इनसे नशीले पदार्थों की खेप लेकर आगे स्थानीय स्तर पर वितरित करता था। पुलिस अधिकारी के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ थाना अजीतवाल में मामला दर्ज कर लिया गया है और अदालत से उनका दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान पूछताछ में इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई अन्य बड़े खुलासे हो सकते हैं। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खात्मे के लिए यह मुहिम आगे भी इसी तरह मुस्तैदी से जारी रहेगी।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News