Daily Suraj

हिन्दी

बठिंडा फल मंडी में चोरी के शक में दो युवकों को खंभे से बांधकर पीटा, वीडियो वायरल

15 Jul, 2026 12:59 PM

पंजाब के बठिंडा स्थित स्थानीय फल मंडी में बुधवार सुबह एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने मानवता और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए। मंडी में मजदूरी करने वाले दो युवकों को चोरी के संदेह में एक खंभे से बांधकर कथित तौर पर बेरहमी से पीटा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है और लोग इसकी कड़ी आलोचना कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, दोनों युवकों पर मंडी में रखे फलों की चोरी करने की कोशिश का आरोप था। इसी दौरान कुछ दुकानदारों ने उन्हें पकड़ लिया और कानून अपने हाथ में लेते हुए खंभे से बांधकर उनकी पिटाई शुरू कर दी। बताया गया है कि बाद में मंडी में तैनात दो महिला निजी सुरक्षा गार्डों ने भी दोनों युवकों के साथ मारपीट की। पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद इस घटना को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। मारपीट के बाद दुकानदारों ने दोनों युवकों को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। मामले की जांच कर रहे एएसआई अमृतपाल सिंह ने बताया कि पुलिस को फल विक्रेता की ओर से एक लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि फल विक्रेता ने लिखित रूप में बताया है कि वह दोनों युवकों के खिलाफ किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं करवाना चाहता। एएसआई के अनुसार, जब शिकायतकर्ता स्वयं कार्रवाई नहीं चाहता, तो फिलहाल पुलिस के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई करना संभव नहीं है। इसी कारण लिखित समझौता मिलने के बाद अभी तक इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News