Daily Suraj

हिन्दी

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी हिंसा मामला: पुलिस ने अब तक 9 आरोपियों को किया गिरफ्तार, SIT कर रही डिजिटल सबूतों की जांच

02 Oct, 2026 05:33 PM

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में सात छात्र और दो बाहरी व्यक्ति शामिल हैं। पुलिस द्वारा इस घटना से जुड़े लगभग 20 व्यक्तियों की पहचान कर ली गई है और मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच टीम (SIT) सीसीटीवी फुटेज, वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रही है। जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंगला ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि इस घटना के दौरान पुलिस ने काफी संयम से काम लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा प्रबंध पुख्ता कर स्थिति को नियंत्रित किया। शाम के समय जब छात्रों की संख्या काफी बढ़ गई और पथराव शुरू हुआ, तब हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को सीमित बल का प्रयोग करना पड़ा। डीआईजी ने जानकारी दी कि पुलिस टीम ने गगनदीप, जसवीर, अंतरिक्ष और साहिल सिंह को जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया है, जबकि आशुतोष को फगवाड़ा से पकड़ा गया है। इसके अलावा कृष्णा कुमार और भविष्य करण को तोड़फोड़ करने तथा पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में एक नाबालिग छात्र भी शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि गगनदीप और जसवीर दोनों डोमिनोज में काम करते हैं और इसी वजह से यूनिवर्सिटी कैंपस में उनका आना-जाना था। पुलिस ने इस मामले में कई लोगों के बयान दर्ज किए हैं। डीआईजी ने दो टूक शब्दों में कहा कि शांतमई धरने पर बैठे विद्यार्थियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, लेकिन पुलिस वाहनों को आग लगाने, तोड़फोड़ करने और पुलिसकर्मियों पर हमला करने वाले उपद्रवियों के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि यूनिवर्सिटी के आसपास रहने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जांच के दौरान जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एसएसपी गौरव तूर, एसपी मेजर सिंह और एसपी रुपिंदर भट्टी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Latest News