Daily Suraj

हिन्दी

उत्तराखंड में भारी बर्फबारी: हेमकुंड साहिब और चार धाम यात्रा 27 सितंबर तक स्थगित

26 Sep, 2026 03:30 PM

उत्तराखंड स्थित पवित्र सिख तीर्थस्थल गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब और आसपास की ऊंची पहाड़ियों पर लगातार हो रही भारी बर्फबारी के चलते प्रशासन ने यात्रा को दो दिनों (27 सितंबर तक) के लिए अस्थायी रूप से रोक दिया है। बीते रात से जारी बर्फबारी के कारण गुरुद्वारा परिसर और आसपास के इलाकों में छह से सात इंच तक बर्फ जम चुकी है। गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) भाई सेवा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में बर्फबारी का दौर लगातार जारी है। यह इस सीजन की दूसरी बर्फबारी है; इससे पूर्व 16 सितंबर को भी यहां बर्फबारी दर्ज की गई थी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए उत्तराखंड सरकार और स्थानीय प्रशासन ने यात्रा को 27 सितंबर तक स्थगित करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही क्षेत्र में जारी प्रतिकूल मौसम को देखते हुए चार धाम यात्रा पर भी अस्थायी रोक लगा दी गई है। उल्लेखनीय है कि श्री हेमकुंड साहिब की इस साल की सालाना यात्रा आगामी 10 अक्टूबर को संपन्न हो रही है, जब शीतकाल के लिए गुरुद्वारा साहिब के कपाट बंद कर दिए जाएंगे। 20 मई से शुरू हुई इस यात्रा में 25 सितंबर तक लगभग 3.40 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। प्रबंधन समिति ने स्पष्ट किया है कि कपाट बंद होने से पूर्व दर्शन के इच्छुक श्रद्धालु आगामी दिनों के लिए अपनी यात्रा की योजना बना सकते हैं। इसके साथ ही ट्रस्ट ने वर्ष 2027 की आगामी यात्रा के लिए राशन, डीजल व अन्य आवश्यक वस्तुओं को श्री हेमकुंड साहिब और गोविंद धाम में स्टोर करने का प्रबंध भी शुरू कर दिया है। समुद्र तल से लगभग 15,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित होने के कारण हेमकुंड साहिब में मौसम का मिजाज तेजी से बदलता है। वर्तमान में क्षेत्र का तापमान 7 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। ताजा बर्फबारी से पैदल मार्गों पर फिसलन बढ़ गई है, जिससे निपटने और श्रद्धालुओं की सहायता के लिए पुलिस तथा एसडीआरएफ (SDRF) के जवान विभिन्न संवेदनशील बिंदुओं पर मुस्तैद हैं। भयंकर ठंड और मुश्किल रास्तों के बावजूद श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए घंघरिया और चमोली के ऊपरी इलाकों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News