Daily Suraj

हिन्दी

पाकिस्तान पहुंची भारतीय महिला सरबजीत कौर की बढ़ीं मुश्किलें; पति की पहली पत्नी ने लाहौर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया

08 Sep, 2026 03:37 PM

भारत के पंजाब से सिख श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ पाकिस्तान गई और वहां नासिर हुसैन से निकाह करने वाली भारतीय महिला सरबजीत कौर से जुड़े मामले में एक नया और बड़ा मोड़ सामने आया है। नासिर हुसैन की पहली पत्नी साइमा नासिर ने अपने पति और उसकी नई पत्नी सरबजीत कौर के खिलाफ लाहौर हाईकोर्ट का रुख किया है। साइमा ने अपने वकील के माध्यम से अदालत में दो अलग-अलग याचिकाएं दायर की हैं। उसका आरोप है कि नासिर ने पाकिस्तानी फैमिली लॉ (पारिवारिक कानून) का उल्लंघन करते हुए पहली पत्नी की अनुमति और सहमति के बिना यह दूसरा विवाह किया है। साइमा ने अपने चार नाबालिग बच्चों के पालन-पोषण के लिए गुजारा भत्ता देने और रहने के लिए घर का इंतजाम करने की अदालत से गुहार लगाई है। अदालत में दायर याचिका के अनुसार, साइमा ने आरोप लगाया है कि भारत से आई सरबजीत कौर ने उसके घर पर जबरन कब्जा कर लिया है। साइमा का कहना है कि नासिर ने उसे और उसके चार छोटे बच्चों को घर से बाहर निकाल दिया, उनके कपड़े तक बाहर फेंक दिए और उनके खाने-पीने का सहारा भी छीन लिया। याचिका में कहा गया है कि पिछले 10 महीनों से नासिर ने न तो उनसे कोई संपर्क किया है और न ही बच्चों के पालन-पोषण के लिए कोई खर्च या 'हक-मेहर' की राशि का भुगतान किया है। चार नाबालिग बच्चों की जिम्मेदारी और उनका भविष्य अब साइमा के सामने सबसे बड़ा सवाल बन गया है। साइमा ने अपनी शिकायत में पारिवारिक माहौल और बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर भी गंभीर चिंता व्यक्त की है। उसका आरोप है कि नासिर हुसैन और सरबजीत कौर का घर में आचरण और दिन-रात मोबाइल वीडियो पर अमर्यादित स्थिति में रहना बच्चों की मानसिकता पर बहुत बुरा प्रभाव डाल रहा है। साइमा के अनुसार, ऐसे माहौल से भविष्य में बच्चों के सामाजिक रिश्तों और विवाह में भी बाधाएं आएंगी। इसलिए उसने मांग की है कि उन्हें एक ही घर में साथ रखने के बजाय, अदालत के माध्यम से उसे और उसके बच्चों को उनका जायज हक तथा अलग रहने की व्यवस्था दिलाई जाए।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News