Bigg Boss 20 Controversy: फर्जी पोस्ट वायरल होने पर रोहित शेट्टी ने फैंस को किया सावधान
फिल्म निर्माता और निर्देशक रोहित शेट्टी ने सोशल मीडिया पर उनके नाम से वायरल हो रही एक फर्जी पोस्ट को लेकर प्रशंसकों को सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि फेसबुक और एक्स (X) पर उनका कोई आधिकारिक अकाउंट नहीं है। इन प्लेटफॉर्म पर उनके नाम से चल रही प्रोफाइल फर्जी और अनधिकृत हैं।
रोहित शेट्टी ने मंगलवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट साझा कर इस मामले में स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर उनकी एकमात्र आधिकारिक मौजूदगी इंस्टाग्राम पर है। फेसबुक या एक्स पर उनका कोई अकाउंट नहीं है।
अपने बयान में शेट्टी ने कहा कि वह यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि इंस्टाग्राम के अलावा किसी अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनकी आधिकारिक प्रोफाइल नहीं है। फेसबुक और एक्स पर उनके नाम से मौजूद किसी भी अकाउंट या प्रोफाइल को फर्जी और अनधिकृत समझा जाना चाहिए।
उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे अकाउंट्स के साथ जुड़ने से बचें और उनके माध्यम से साझा की जाने वाली किसी भी पोस्ट या सामग्री को उनका बयान न मानें। उन्होंने प्रशंसकों को समझ और लगातार समर्थन के लिए धन्यवाद भी दिया।
स्काउट ओपी और लव गिल से जुड़ी थी फर्जी पोस्ट
दरअसल, फेसबुक पर वायरल हुई एक पोस्ट में कॉमेडियन गौरव गुप्ता द्वारा 'बिग बॉस 20' के प्रतियोगियों स्काउट ओपी (Scout OP) और लव गिल को रोस्ट किए जाने की आलोचना की गई थी। इस पोस्ट को गलत तरीके से रोहित शेट्टी से जोड़ दिया गया था।
गौरतलब है कि पिछले शनिवार को प्रसारित हुए शो के एपिसोड में कॉमेडियन गौरव गुप्ता ने प्रतियोगियों को रोस्ट किया था। हालांकि, उनकी कुछ टिप्पणियां सोशल मीडिया यूजर्स को पसंद नहीं आईं। इसके बाद कई यूजर्स ने ऑनलाइन उनकी आलोचना की।
इसी विवाद के बीच रोहित शेट्टी के नाम से जुड़ी फर्जी फेसबुक पोस्ट वायरल हुई। इसके बाद फिल्म निर्माता ने अपनी सोशल मीडिया मौजूदगी को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया और प्रशंसकों को फर्जी प्रोफाइल से सावधान रहने की सलाह दी।